जिले में अवैध खनिज परिवहन पर कार्रवाई, 14 वाहन जब्त

कलेक्टर के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में किया औचक निरीक्षण
अवैध रेत, गिट्टी, मुरम और डस्ट के परिवहन में लगे वाहनों पर कार्रवाई
जब्त वाहनों के मालिकों के विरुद्ध अर्थदंड की कार्रवाई प्रस्तावित


खरगोन 29 अक्टूबर 2026। कलेक्टर श्री गुरु प्रसाद के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनन एवं खनिज परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए खनिज विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खनिज अधिकारी श्री राकेश कुमार कनेरिया के नेतृत्व में खनिज विभाग की टीम ने 24 अक्टूबर को स्वीकृत खनन क्षेत्रों में स्थित खनिज पत्थर गिट्टी एवं एम-सैंड उत्पादन इकाइयों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान पिछले एक सप्ताह में खनिज निरीक्षक श्रीमती प्रियंका अजनार साहू, खनिज अधिकारी तथा खनिज सर्वेक्षक श्रीमती आरती गीते की टीम द्वारा बड़वाह, पिटामली, सेगुरला, करही, पिपलझोपा, सनावद और बिस्टान सहित विभिन्न क्षेत्रों में अवैध खनिज परिवहन करते पाए गए वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। टीम ने कुल 14 वाहनों को जब्त कर संबंधित पुलिस थानों की अभिरक्षा में खड़ा कराया।

जब्त वाहनों में रेत, गिट्टी, डस्ट, मुरम और एम-सैंड का परिवहन करने वाले हाइवा, डंपर एवं ट्रैक्टर-ट्रॉली शामिल हैं। इन वाहनों को सनावद, मंडलेश्वर, बिस्टान, खरगोन, बड़वाह, बेड़िया, करही और बलकवाड़ा सहित संबंधित पुलिस थानों में रखा गया है।

खनिज विभाग के अनुसार, जब्त वाहनों के मालिकों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के प्रावधानों के तहत अर्थदंड अधिरोपित करने की कार्रवाई प्रस्तावित की जा रही है।

कलेक्टर श्री गुरु प्रसाद के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनन एवं खनिज परिवहन पर नियंत्रण के लिए निरीक्षण और कार्रवाई का सिलसिला जारी रहेगा।

sanjay upadhyay

Sanjay Upadhyay

Journalist