6060 बच्चों ने सामूहिक रूप से 12120 बार किया हनुमान चालीसा का पाठ
भीकनगांव। मंगलवार को भीकनगांव में आयोजित आनंद उत्सव 2025 के तहत नगर परिषद द्वारा आयोजित एक ऐतिहासिक कार्यक्रम में 6060 स्कूली छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से दो बार में 12120 बार हनुमान चालीसा का पाठ कर नया विश्व रिकॉर्ड बनाया। इस अभूतपूर्व उपलब्धि को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया। आयोजन में खरगोन के प्रसिद्ध गायक शुभम रघुवंशी अपनी सुरों से कार्यक्रम को और भी रंगीन बनाया।
ऐतिहासिक पल की गूंज
भीकनगांव के हायर सेकंडरी स्कूल ग्राउंड में सुबह से ही उत्सव का माहौल था। विभिन्न सरकारी और निजी स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ इस कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार, हनुमान जी की पूजा, और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद, 6060 बच्चों ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। बच्चों ने दो बार पाठ किया, जिससे कुल 12120 बार हनुमान चालीसा का आवर्तन हुआ तथा हनुमान चालीसा के बाद राम स्तुति का सामूहिक पाठ किया गया । गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के प्रतिनिधि मनोज कुमार शुक्ला ने बच्चों के इस प्रयास को प्रमाणित करते हुए इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा, छात्रों का सामूहिक प्रयास, न केवल धार्मिक बल्कि सांस्कृतिक और सामुदायिक एकता का उदाहरण है। यह भीकनगांव के लिए गर्व का क्षण है।ष्
पिछला रिकॉर्ड टूटा
नगर परिषद् सीएमओ संजय कानूनगो व राजस्व अधिकारी मयंक जैन ने बताया कि इससे पहले, 13 दिसंबर 2024 को खरगोन जिले के 20 स्कूलों के 4147 छात्रों ने सामूहिक रूप से तीन बार हनुमान चालीसा का पाठ किया था। लेकिन भीकनगांव के इस ऐतिहासिक आयोजन ने न केवल इस रिकॉर्ड को तोड़ा, बल्कि अपने आप को नए कीर्तिमान के रूप में स्थापित किया।
गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति
इस ऐतिहासिक अवसर पर कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिनमें विधायक झूमा सोलंकी, नगर परिषद अध्यक्ष पूनम जायसवाल, उपाध्यक्ष अखिलेश भार्गव, जनपद अध्यक्ष सरदार रावत, उपाध्यक्ष दिनेश जायसवाल, सतेन्द्र चोहान, जूही जैन, रेखा अग्रवाल, पूर्व नप अध्यक्ष दीपक ठाकुर, नगर कांग्रेस अध्यक्ष महेश वर्मा, पवन चोबे, चंद्रकिशोर गोयल, पारस कासलीवाल, समाजसेवी पप्पू जैन, डा पियूष वर्मा, बहादर वास्कले, रमेश गंगराडे, अक्षय अग्रवाल, सहित नगर के सभी रामायण मंडल, महिला मंडल सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन मनोज श्रीवास ने किया। समापन पर नगर परिषद अध्यक्ष पूनम जायसवाल ने सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, ष्यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को प्रबल करता है, बल्कि हमारी संस्कृति और सामूहिकता को भी बल देता है।
फैक्ट फाइल
40 (18 निजी और 22 सरकारी) प्रतिभागी स्कूलों व कालेज, 6060 प्रतिभागी छात्र-छात्राओं की संख्या, 12120 बार हनुमान चालीसा का पाठ, 1 लाख स्केवयर फिट में बैठक व्यवस्था, 501 किलो खिचड़ी प्रसादी का वितरण किया गया।



