ग्राम पंचायतों में जल्द लगेंगे कैमरे, निगरानी व्यवस्था होगी मजबूत

30 अक्टूबर तक सभी स्कूलों में अनिवार्य रूप से लगेंगे टॉपर बोर्ड

मिशन बेंचमार्क को व्यापक अभियान बनाकर हर बच्चे को बेंच उपलब्ध कराने के निर्देश

खरगोन 28 सितंबर 2026। कलेक्टर श्री गुरु प्रसाद की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागृह में समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में नगरीय निकायों एवं ग्राम पंचायतों में लगाए जा रहे कैमरों, ग्राम पंचायतों में निर्मित की जा रही दुकानों, शिक्षा के सितारे अभियान, मिशन बेंचमार्क, ए-क्लास रूम, अपार आईडी, फार्मर रजिस्ट्री, आयुष्मान कार्ड ई-केवायसी, टीबी मरीजों को फूड बास्केट वितरण, सीएम हेल्पलाइन तथा सेवा संकल्प अभियान सहित विभिन्न विषयों की समीक्षा की गई।

बैठक में ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में लगाए जा रहे कैमरों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री प्रसाद ने सभी ग्राम पंचायतों में जल्द से जल्द कैमरे लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कैमरों से निगरानी व्यवस्था में काफी सहायता मिलती है। वर्तमान में जहां कैमरे लगाए गए हैं, वहां इसके सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं तथा कई मामलों की तह तक पहुंचने में कैमरों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

ग्राम पंचायतों में बनाई जा रही दुकानों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री प्रसाद ने कहा कि पंचायतों द्वारा निर्मित दुकानें पंचायतों के लिए आय का साधन बनने के साथ ही स्थानीय परिवारों के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित करेंगी। उन्होंने सभी एसडीएम एवं तहसीलदारों को इन कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए जल्द प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

शिक्षा के सितारे अभियान की समीक्षा के दौरान स्कूलों में लगाए जा रहे टॉपर बोर्ड की प्रगति की जानकारी ली गई। कलेक्टर श्री प्रसाद ने कहा कि टॉपर बोर्ड के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इससे बच्चों में यह भावना विकसित होगी कि अच्छी पढ़ाई कर वे भी टॉपर बोर्ड पर अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने 30 अक्टूबर तक सभी स्कूलों में अनिवार्य रूप से टॉपर बोर्ड लगवाने के निर्देश दिए।

मिशन बेंचमार्क की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री प्रसाद ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इसे व्यापक अभियान के रूप में लिया जाए, ताकि जिले का कोई भी बच्चा जमीन पर बैठकर पढ़ने के लिए मजबूर न हो। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को बेंच पर बैठकर पढ़ाई करने की सुविधा मिले, इससे बच्चों के आत्मविश्वास में भी वृद्धि होगी।

बैठक में जिले में संचालित ई-क्लास रूम की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री प्रसाद ने संचालन में आ रही समस्याओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ई-क्लास रूम के संचालन में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।

अपार आईडी की प्रगति की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री प्रसाद ने सभी निजी स्कूलों की बैठक आयोजित कर कार्य में तेजी लाने तथा सभी जनशिक्षकों को भी बैठक में शामिल कर अपार आईडी का कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इसी प्रकार फार्मर रजिस्ट्री में प्रगति लाने के लिए सभी एसडीएम एवं तहसीलदारों को निर्देशित किया गया।

कलेक्टर श्री प्रसाद ने आयुष्मान कार्ड, समग्र ई-केवायसी में भी प्रगति लाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही टीबी मरीजों को फूड बास्केट वितरण की समीक्षा की गई। सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए 100 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों के निराकरण एवं नियमानुसार बंद करने के निर्देश दिए।

सेवा संकल्प अभियान की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री प्रसाद ने सभी अधिकारियों को सौंपे गए कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अभियान के लक्ष्यों को समय पर पूरा करें।

बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती रेखा राठौर, जिला पंचायत सीईओ श्री मिलिंद कुमार नागदेवे, संयुक्त कलेक्टर श्री वीरेंद्र कटारे, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रताप कुमार अगास्या समस्त एसडीएम सहित अन्य जिला अधिकारी मौजूद रहे। वही अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जुड़े रहे।

sanjay upadhyay

Sanjay Upadhyay

Journalist

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *