खरगोन 02 अक्टूबर 2025 जिला शिक्षा अधिकारी एस के कानुड़े ने बताया कि विद्यार्थियों की नामांकन, मैपिंग, क्लास प्रमोशन, छात्रवृत्ति की प्रोफाइल अपडेशन, लॉक कार्य सहित अन्य कार्य समय-सीमा में पूर्ण न करने पर विकासखण्ड महेश्वर के 9 तथा बड़वाह के 95 अशासकीय विद्यालयों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए गए हैं। यदि निर्धारित समय में कार्य पूर्ण नहीं किया गया तो संबंधित विद्यालयों की मान्यता समाप्त करने की कार्यवाही प्रस्तावित की जाएगी। इस संबंध में पूर्व में कई बार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से निर्देश दिए गए और समझाइश दी गई, लेकिन संबंधित विद्यालयों द्वारा निर्देशों की अवहेलना करते हुए कार्य में प्रगति नहीं की गई। वही अधिकांश विद्यालयों द्वारा वीसी भी अटेंड नहीं की जाती है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि महेश्वर व बड़वाह के अतिरिक्त अन्य विकासखण्डों के विद्यालयों में भी इसी प्रकार की लापरवाही सामने आई है, जिन्हें नोटिस जारी किए जा रहे हैं। शासन द्वारा बार-बार निर्देश जारी किए जाने के बावजूद विद्यालयों द्वारा कार्य पूर्ण नहीं किया गया है। श्री कानुड़े ने सभी विद्यालय संचालकों को दो दिवस की समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अब तक कार्य पूर्ण न करने पर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के लिए भी कहा गया है।



