सेफ क्लिक 2.0′ अभियान के अंतर्गत बड़वाह पुलिस द्वारा
बड़वाह। मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित “सेफ क्लिक 2.0” अभियान के अंतर्गत बड़वाह पुलिस द्वारा निर्मल विद्यापीठ, बड़वाह में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें सुरक्षित डिजिटल नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था।कार्यक्रम में थाना प्रभारी श्री बलराम सिंह राठौड़ ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों एवं उनसे बचाव के प्रभावी उपायों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने ऑनलाइन बैंकिंग फ्रॉड, यूपीआई धोखाधड़ी, फर्जी कॉल, ओटीपी ठगी, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया हैकिंग, फर्जी लिंक, साइबर बुलिंग, पहचान चोरी, ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड तथा अन्य साइबर अपराधों के प्रति विद्यार्थियों को सचेत किया। विद्यार्थियों को समझाया कि किसी भी अनजान व्यक्ति से अपनी व्यक्तिगत जानकारी, बैंक खाते का विवरण, एटीएम कार्ड, ओटीपी अथवा पासवर्ड साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। सोशल मीडिया का उपयोग भी पूरी सावधानी एवं जिम्मेदारी के साथ करने की सलाह दी गई।श्री राठौड़ ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे केवल स्वयं ही जागरूक न रहें, बल्कि अपने माता-पिता, छोटे भाई-बहनों, परिवार के अन्य सदस्यों एवं आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। प्रत्येक जागरूक विद्यार्थी समाज को साइबर अपराधों से सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है, तो वह तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराए तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से भी शिकायत कर सकता है, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई संभव हो सके।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका थाना प्रभारी द्वारा सरल एवं व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से समाधान किया गया। विद्यार्थियों ने भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा अपने परिवार एवं समाज में इस संदेश को पहुँचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में बड़वाह पुलिस एवं निर्मल विद्यापीठ, बड़वाह का सहयोग रहा। विद्यालय परिवार ने पुलिस विभाग का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के हित में चलाए जा रहे इस जनजागरूकता अभियान की सराहना की।



