बड़वाह नगर पालिका को स्वच्छता में मिला राज्य स्तरीय सम्मान”

बड़वाह स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के अंतर्गत स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने पर बड़वाह नगर पालिका को राज्यस्तरीय सम्मान के लिए चयनित किया गया है। यह सम्मान विशेष रूप से नगर पालिका द्वारा लेगसी वेस्ट (पुराने कचरा स्थलों के निस्तारण) के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्य के लिए दिया जा रहा है।साथ ही स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन कर रैंकिंग सुधार,एवं स्वच्छता नवाचार के लिए भी नगर पालिका सम्मानित होगी। यह राज्यस्तरीय सम्मान समारोह 14 अक्टूबर 2025 को भोपाल के मिंटो हॉल में आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। नगर पालिका बड़वाह ने स्वच्छता के क्षेत्र में निरंतर नवाचार करते हुए ठोस कचरा प्रबंधन, लेगसी वेस्ट निस्तारण, घर-घर कचरा संग्रहण, नागरिक सहभागिता एवं जनजागरूकता अभियान में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। इन सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप बड़वाह नगर पालिका को राज्यस्तरीय सम्मान हेतु आमंत्रित किया गया है। नगर पालिका अध्यक्ष श्री राकेश गुप्ता, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री कुलदीप किंशुक, तथा स्वच्छता अधिकारी श्री प्रकाश चीते के नेतृत्व में नगर की स्वच्छता टीम ने लगातार परिश्रम करते हुए शहर को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषणमुक्त बनाने का कार्य किया है। राज्यस्तरीय कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष राकेश गुप्ता, सीएमओ कुलदीप किंशुक और स्वच्छता अधिकारी प्रकाश चीते सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण भाग लेंगे। यह कार्यक्रम स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, मध्यप्रदेश शासन द्वारा आयोजित किया जा रहा है।

sanjay upadhyay

Sanjay Upadhyay

Journalist