संभागायुक्त श्री दीपक सिंह ने स्थानीय निकायों में लंबित अंकेक्षण आपत्तियों की समीक्षा की
इन्दौर : सोमवार, अगस्त 25, 2025,

इंदौर संभागायुक्त श्री दीपक सिंह ने सोमवार को संभाग अंतर्गत विभिन्न जिलों में पदस्थ सहायक संचालकों एवं संभागीय संयुक्त संचालक के साथ स्थानीय निकायों के वित्तीय अंकेक्षण संबंधी समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में लंबित अंकेक्षण आपत्तियों , स्थानीय निकायों के अंकेक्षण कार्य की प्रगति, अंकेक्षण के दौरान स्थानीय निकायो द्वारा रिकॉर्डस उपलब्ध नहीं कराया जाना, अंकेक्षण आपत्तियों का पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत नहीं किया जाना एवं शासकीय राजस्व अंकेक्षण शुल्क की राशि को नहीं जमा किये जाने वाले प्रकरणों की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने स्थानीय निकायों में गबन जैसी अतिगंभीर वित्तीय अनियमितता पर संबंधित दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश जारी किये गए।
संभागायुक्त श्री सिंह ने स्थानीय निकायों जिला पंचायत, जनपद पंचायत, ग्राम पंचायत, नगर पालिका, नगर परिषद, विकास प्राधिकरण एवं कृषि उपज मंडी समितियों को जिलेवार वित्तीय अनियमितता अंरक्षण आपत्तियों पर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश संभागीय संयुक्त संचालक श्री आर.के. सोनी को दिए। साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिए हैं कि ऐसी अनियमितताएं कलेक्टर्स के भी संज्ञान में भी लायी जाए। संभागीय स्तर पर ऐसे अनिराकृत एवं गंभीर वित्तीय अनियमितताओं के प्रकरण प्रकाश में लाकर प्रशासनिक स्तर पर नियमानुसार कार्यवाही के लिए भी प्रस्तुत किये जायें। बैठक के दौरान संभागीय संयुक्त संचालक श्री आर.के. सोनी ने विगत वित्तीय वर्ष में किये गये कार्यों व उपलब्धियों तथा वर्तमान वित्तीय वर्ष में किये गये कार्यों की जानकारी दी। बैठक में सहायक संचालक श्री निशांत सिम्हा, सुश्री रचना पंड्या, श्रीमती तृप्ति दीक्षित, श्री ऋषिकेश वैद्य और श्री दयाराम डाबर उपस्थित रहे।



